हरिद्वार :- मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में जिला योजना संरचना वर्ष 2025-26 की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि, उद्यान, पशुपालन, डेरी, मत्स्य, उरेड़ा, सामुदायिक विकास, लोक निर्माण विभाग, नलकूप विभाग, पंचायतीराज विभाग, लघु सिंचाई सहित कई विभागों की प्रगति एवं आगामी योजनाओं की गहन समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे विगत वर्ष की धनराशि को ध्यान में रखते हुए आगामी वर्ष 2025-26 के लिए अपने-अपने विभागीय प्रस्ताव शीघ्र तैयार करें। उन्होंने कहा कि इस बार के प्रस्तावों में नवाचार और अभिनव कार्यों को प्राथमिकता दी जाए ताकि जिले के समग्र विकास में गति लाई जा सके।
सख्त रुख अपनाते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को 30 अप्रैल 2025 तक अपने प्रस्ताव जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय को अनिवार्य रूप से भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रस्ताव न भेजने वाले विभागों का जिला योजना बजट शून्य कर दिया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जिला योजना के तहत पारदर्शी, समयबद्ध और नवाचार से युक्त विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि आम जनता को योजनाओं का शीघ्र लाभ मिल सके।