मसूरी रोपवे मॉक ड्रिल: रोपवे में फंसे पर्यटकों को सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया
देहरादून मसूरी। झूलाघर स्थित रोपवे पर बुधवार को एक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें आपदा की स्थिति में रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारियों का परीक्षण किया गया। अभ्यास के तहत रोपवे की तार टूटने के कारण हवा में फंसी ट्रॉली में मौजूद पांच पर्यटकों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया गया।
यह मॉक ड्रिल राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के दिशानिर्देशों के तहत की गई, जिसमें एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस, फायर सर्विस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। करीब एक घंटे तक चले इस ऑपरेशन में रस्सियों की मदद से पर्यटकों को सुरक्षित पहाड़ी पर उतारा गया।
एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट रोहिताश शर्मा ने बताया कि यह अभ्यास त्रिकूट पहाड़ (देवघर, झारखंड) जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपात स्थिति में त्वरित और समन्वित रेस्क्यू सुनिश्चित करना है।
ड्रिल के दौरान कुछ समय के लिए स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना, लेकिन बाद में जब मॉक ड्रिल की जानकारी मिली, तो लोगों ने राहत की सांस ली। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रोपवे पूरी तरह सुरक्षित है और किसी प्रकार की तकनीकी खराबी नहीं है।