हरिद्वार में मदिरा दुकानों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, कई अनियमितताएं उजागर
हरिद्वार, जनपद हरिद्वार में देशी और विदेशी मदिरा की दुकानों में लगातार मिल रही अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर जिला प्रशासन ने सोमवार को व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस औचक निरीक्षण अभियान का नेतृत्व उप जिलाधिकारियों और नगर मजिस्ट्रेट ने किया।
विशेष भूमि अध्यापति अधिकारी लक्ष्मीराज चौहान ने बताया कि उन्होंने सलेमपुर तिराहा और बेगमपुर स्थित विदेशी मदिरा दुकानों का निरीक्षण किया। सलेमपुर तिराहा स्थित दुकान में किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बीयर पर अधिक मूल्य वसूला जा रहा था — जहां निर्धारित मूल्य ₹195 था, वहां ₹200 वसूले जा रहे थे। साथ ही ग्राहकों को बिल नहीं दिया जा रहा था, और भुगतान के लिए केवल स्वाइप मशीन रखी गई थी।
दुकान पर मौजूद तीन सेल्समैन के पास परिचय पत्र नहीं था, रेट लिस्ट का बोर्ड मानक से छोटा पाया गया, और दुकान में टोल-फ्री नंबर व जिला आबकारी अधिकारी के संपर्क सूत्र भी नहीं मिले।
बेगमपुर की दुकान में भी कई खामियां पाई गईं। वहां बाहर रेट लिस्ट नहीं थी, सीसीटीवी कैमरे निष्क्रिय मिले, स्टॉक पंजिका अनुपलब्ध थी और यह कहा गया कि वह आबकारी कार्यालय में रखी गई है।
इसी क्रम में नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान ने बहादराबाद बायपास स्थित मदिरा दुकान का निरीक्षण किया। वहां भी रॉयल स्टैग हॉफ बोतल पर ₹405 की जगह ₹410 वसूले जा रहे थे। तीन सेल्समैन बिना पहचान पत्र के मिले और ग्राहकों को बिल नहीं दिया जा रहा था। दुकान में लगे 9 सीसीटीवी कैमरों में से केवल 5 ही कार्यशील मिले और स्टॉक पंजिका निरीक्षण हेतु उपलब्ध नहीं कराई गई।
प्रशासन द्वारा इस छापेमारी अभियान के दौरान पाई गई अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और नियमों के पालन के लिए भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण जारी रहेंगे।

