पहलगाम आतंकी हमले पर गरमाई सियासत: चंद्रशेखर आजाद का मायावती को पलटवार, पीएम मोदी पर भी साधा निशाना
हरिद्वार :- कश्मीर के पहलगाम में टूरिस्टों पर हुए आतंकी हमले के बाद देशभर में गुस्से का माहौल है। इस संवेदनशील घटना को लेकर जहां एक ओर बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की थी कि इस मुद्दे पर बयानबाज़ी से परहेज़ करें, वहीं अब नगीना से सांसद और भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने इस अपील पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
हरिद्वार के पथरी क्षेत्र में पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे चंद्रशेखर ने कहा कि “यह हमला सिर्फ 26 परिवारों पर नहीं, बल्कि पूरे देश पर हुआ है। ऐसे समय में चुप रहना मुमकिन नहीं।” उन्होंने कहा कि “जब हमला पूरे देश पर है, तो यह वक्त चुप रहने का नहीं, बल्कि एकजुट होने का है।”
चंद्रशेखर ने सीधे तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, “बहन जी (मायावती) ने जो कहा, वो शायद प्रधानमंत्री की कार्यशैली पर सवाल है। अगर प्रधानमंत्री वाकई चिंतित होते तो वो कश्मीर जाते, रैली करने बिहार नहीं।”
इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। विपक्ष जहां सरकार से इस हमले को लेकर जवाब मांग रहा है, वहीं बीजेपी फिलहाल चुप्पी साधे हुए है। देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में यह मुद्दा सियासी रंग कितना और गहरा करता है।