खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती: हरिद्वार-नजीबाबाद मार्ग के चार ढाबों पर सात दिन की रोक, लाइसेंस निलंबित
हरिद्वार :– खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को हरिद्वार-नजीबाबाद यात्रा मार्ग पर स्थित सजनपुर एवं चिड़ियापुर क्षेत्र के ढाबों और भोजनालयों का औचक निरीक्षण किया। अपर आयुक्त श्री ताजबर सिंह जग्गी एवं संयुक्त आयुक्त डॉ. आर. के. सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिसके चलते चार ढाबों के फूड लाइसेंस निलंबित करते हुए उन्हें सात दिन के लिए बंद करने के आदेश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री दिलीप जैन, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री महिमानंद जोशी और श्री योगेंद्र पांडे उपस्थित रहे। टीम ने चिड़ियापुर स्थित मामा भांजा गढ़वाली ढाबा, न्यू स्टार गढ़वाली ढाबा और हिमालयन भोजनालय में गंभीर स्वच्छता और संरचनात्मक खामियां पाईं। इन ढाबों में खुले वॉशिंग एरिया, बदबूदार खाद्य पदार्थ, खुले मसालों का उपयोग, गंदे पानी का उपयोग और नालियों से दुर्गंध की शिकायतें दर्ज की गईं।
विशेष रूप से मामा भांजा ढाबा में डीप फ्रीजर में सड़े-गले खाद्य पदार्थ पाए गए। वहीं हिमालयन भोजनालय में स्टोरेज क्षेत्र में जलभराव और दुर्गंध के कारण खाद्य सुरक्षा को खतरा माना गया। न्यू स्टार गढ़वाली ढाबा के किचन क्षेत्र में खुला गड्ढा, कीचड़ और प्लास्टर उखड़ा पाया गया, जिससे संक्रमण फैलने की संभावना प्रबल थी।
सजनपुर स्थित खैरा पंजाबी ढाबा को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने और खाद्य पदार्थों को सीधे जमीन पर रखने के कारण नोटिस जारी किया गया है। सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को सात दिन के भीतर आवश्यक सुधार कर अनुपालन रिपोर्ट कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने स्पष्ट किया कि यदि ढाबा संचालक समयसीमा में निर्देशों का पालन नहीं करते हैं तो उनका फूड लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द कर दिया जाएगा और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।