हरिद्वार :- जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर चारधाम यात्रा के मद्देनज़र हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान दो टीमों ने जुर्स कंट्री से बहादराबाद टोल प्लाजा तक तथा हरिद्वार रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड के आसपास स्थित ढाबों, होटलों और रेस्टोरेंटों का निरीक्षण किया।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमा नंद जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन की टीम ने चारधाम यात्रा मार्ग पर 10 ढाबों और होटलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 8 ढाबों और रेस्टोरेंटों पर रेट लिस्ट न चस्पा करने और फूड लाइसेंस के बिना संचालन करने पर नोटिस जारी किए गए। शिवा टूरिस्ट ढाबा से एक किलो बदबूदार पनीर और 1.5 किलो खुले मसालों को जब्त कर नष्ट किया गया। वहीं, गुरु नानक पंजाबी ढाबा से उबले आलू में प्रतिबंधित लाल रंग पाए जाने पर 1.5 किलो आलू जब्त कर नष्ट किए गए।
ग्रीन चिली रेस्टोरेंट से 2.5 किलो खुले मसाले जब्त कर नष्ट किए गए। साथ ही, वहां से खुला दही और कच्चे चावल के नमूने जांच के लिए एकत्र कर राजकीय प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजे गए। सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थ ढककर रखने, खुले मसालों का प्रयोग न करने, रेट लिस्ट चस्पा करने, फूड लाइसेंस प्रदर्शित करने और खुले खाद्य पदार्थ ग्राहकों को न परोसने के निर्देश दिए गए।
दूसरी ओर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव ने हरिद्वार बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में निरीक्षण किया। यहाँ गंदगी पाए जाने पर तीन खाद्य कारोबारियों को मौके पर ही नोटिस जारी किए गए। साथ ही पनीर और मयोनिज के नमूने जांच के लिए भेजे गए। कुल मिलाकर चार खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। दोषी पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।