चारधाम यात्रा को सरल और सुगम बनाने हेतु हरिद्वार में अतिक्रमण हटाओ अभियान
हरिद्वार :- चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा, सुगम यातायात एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान के नेतृत्व में भूपतवाला क्षेत्र, दूधाधारी चौक के निकट फ्लाईओवर के नीचे तथा पट्टी मार्ग से अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे लगे खोखे, पटरी दुकाने और ढाबों को हटाकर जब्त किया गया।
नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान ने जानकारी दी कि चारधाम यात्रा के दौरान ट्रैफिक जाम से बचाव और श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु यह कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।
इस अभियान में उप जिलाधिकारी जितेन्द्र कुमार, सीओ सिटी शिशुपाल नेगी, सहायक नगर आयुक्त ऋषभ उनियाल, एसएनए रविन्द्र दयाल, हरिद्वार कोतवाल रितेश शाह, खड़खड़ी और सप्तऋषि चौकी के प्रभारी, एनएचआई के क्षेत्रीय अधिकारी सहित नगर निगम के कई कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन का यह प्रयास है कि चारधाम यात्रा को हर यात्री के लिए सरल, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित बनाया जाए।