हरिद्वार: अर्द्धकुंभ की तैयारियों का जायजा, सचिव ने दिए कार्यों में तेजी के निर्देश
हरिद्वार, 26 अप्रैल 2025: आगामी अर्द्धकुम्भ मेले के सफल आयोजन के लिए सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं सिंचाई डॉ. आर. राजेश कुमार ने शनिवार को हरिद्वार पहुंचकर विभिन्न घाटों और स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद डाम कोठी में जिला प्रशासन, सिंचाई और चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
डॉ. कुमार ने बैठक में निर्देश दिए कि अर्द्धकुम्भ को कुम्भ मेले की तर्ज पर भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी 104 घाटों (कुल लंबाई 12.3 किमी) की मरम्मत और सौंदर्यीकरण कार्य समय पर पूरा कर लिया जाए। घाटों के मरम्मत कार्य को चरणबद्ध ढंग से करने और प्राथमिकता के आधार पर योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
सुरक्षा को लेकर डॉ. कुमार ने सिंचाई विभाग के अभियंताओं को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मायापुर बैराज से ऊपरी गंगा पर जटवाड़ा पुल तक लगभग 3.5 किमी तथा वैरागी कैंप की ओर लगभग 2 किमी नए घाटों के निर्माण के लिए ठोस प्रस्ताव तैयार कर शासन में प्रस्तुत करने के आदेश भी दिए।
उन्होंने सूखी नदी (खड़खड़ी) पर नए पुल निर्माण तथा धनोरी-सिडकुल रोड स्थित 170 वर्ष पुराने पुल के पुनर्निर्माण के लिए भी तत्काल कार्यवाही करने को कहा। सिंचाई विभाग के अधीन आने वाली 26 किमी सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
चारधाम यात्रा तैयारियों की जानकारी भी दी
पत्रकार वार्ता के दौरान डॉ. राजेश कुमार ने चारधाम यात्रा की तैयारियों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस बार स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ किया गया है। यात्रा मार्गों पर 25 मेडिकल रिलीफ पोस्ट और 50 स्क्रीनिंग प्वाइंट स्थापित किए जा रहे हैं। 50 वर्ष से अधिक आयु के सभी यात्रियों की अनिवार्य स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की जाएगी।
डॉ. कुमार ने बताया कि इस बार 60 स्पेशलिस्ट डॉक्टर और 40 एमबीबीएस डॉक्टर तैनात किए गए हैं। भारत सरकार के सहयोग से विभिन्न एम्स से भी 16 विशेषज्ञ आ चुके हैं और 20 से 30 और विशेषज्ञों के जल्द मिलने की उम्मीद है। बद्रीनाथ मार्ग पर 5 और यमुनोत्री मार्ग पर 2 अतिरिक्त मेडिकल रिलीफ पोस्ट बनाए जा रहे हैं ताकि आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
इन अधिकारीयों की रही उपस्थिति
इस मौके पर जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, उप जिलाधिकारी अजयवीर सिंह, अधीक्षण अभियंता सिंचाई बी.के. मौर्य, अधिशासी अभियंता सिंचाई ओम जी गुप्ता, डीसी उनियाल, अनिल राठौर, मनोज कुमार और अभिहीत अधिकारी महिमानन्द जोशी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे
