हरिद्वार पुलिस ने NEET परीक्षा को लेकर किए सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम, 200 पुलिसकर्मी तैनात
हरिद्वार, 3 मई 2025 – राष्ट्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा (NEET) के शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संचालन को सुनिश्चित करने के लिए हरिद्वार पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। आगामी 4 मई को होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा को लेकर शनिवार को एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने पुलिस लाइन के बहुउद्देशीय हॉल में ड्यूटी में तैनात फोर्स को विस्तार से ब्रीफ किया।
एसएसपी ने बताया कि जिले को 5 जोन और 9 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, ताकि निगरानी और व्यवस्था को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जा सके। सुरक्षा प्रबंधन की जिम्मेदारी एसपी क्राइम जितेंद्र मेहरा को नोडल अधिकारी के रूप में सौंपी गई है।
एसएसपी डोबाल ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वे परीक्षा के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करते रहें और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई करें। प्रत्येक पुलिसकर्मी को निर्देश दिया गया है कि वे समय से पूर्व अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखें।
करीब 200 पुलिस अधिकारी व कर्मचारी इस परीक्षा ड्यूटी में तैनात किए गए हैं। शहर से लेकर देहात तक असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और सघन चेकिंग अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि कोई भी व्यक्ति परीक्षा प्रक्रिया में बाधा न डाल सके।
हरिद्वार पुलिस का उद्देश्य है कि परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण मिल सके, जिससे वे बिना किसी तनाव के परीक्षा दे सकें।